असम में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले वादों का दौर एक बार फिर जोर पकड़ने लगा है. कांग्रेस ने इन चुनावों में मतदाताओं को लुभाने के लिए महिलाओं को सरकारी नौकरी में 50 फीसदी आरक्षण देने का एलान किया है. साथ ही कहा कि यदि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व ‘महाजोत’ गंठबंधन सत्ता में आता है तो रोजगार के लिए एक अलग मंत्रालय का भी गठन किया जाएगा. लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा, "कांग्रेस समस्याओं का समाधान ढूंढने वाली पार्टी है. असम इस समय कई समस्याओं का सामना कर रहा है. जिनमें नागरिकता संशोधन विधेयक (CAA), बेरोजगारी, महंगाई और असम में अपनी उपेक्षा से परेशान महिलाओं की समस्याएं प्रमुख हैं." उन्होंने कहा कि, "हम पहले ही 5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का वादा कर चुके हैं. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत तरुण गोगोई का भी ये सपना था कि प्रदेश में महिलाओं को सरकारी नौकरी में 50 फीसदी आरक्षण दिया जाए."
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें