अमृतसर। पाकिस्तान से वाघा-अटारी सीमा रास्ते से वीरवार को भारत लौट रहे दो श्रद्धालुओं से करीब 550 ग्राम अफीम बरामद हुई है। बार्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के अधिकारियों ने दोनों श्रद्धालुओं को कस्टम अधिकारियों के हवाले कर दिया है। कस्टम अधिकारियों ने अफीम कब्जे में लेकर उनसे पूछताछ शुरूकर दी है।
बलदेव सिंह विर्क निवासी जुरार खेड़ा जिला फाजिल्का व इसी गांव का करनैल सिंह फिरोजपुर के मरदाना इंटरनेशनल कीर्तन दरबार सोसायटी के जरिये वीजे पर नवंबर के पहले सप्ताह में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान गए थे। यह दोनों करतारपुर समेत अन्य गुरुधामों के दर्शनों के बाद वीरवार दोपहर को अटारी सीमा के रास्ते भारत लौटे थे। बीएसएफ अधिकारियों ने सामान की चेकिंग में करीब 500 ग्राम अफीम पाई, तो दोनों आरोपितों को कस्टम अधिकारियों के हवाले कर दिया।
उधर, कस्टम अधिकारियों ने चेकिंग एरिया में बलदेव सिंह और जरनैल सिंह को हिरासत में लेकर उनके सामान से मिली अफीम को अपने कब्जे में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि पाकिस्तान में उनके जान-पहचान के लोगों ने उन्हें यह अफीम तोहफे में दी है, इसलिए वे इसे अपने साथ भारत ले आए। समाचार लिखे जाने तक दोनों से पूछताछ जारी थी। कस्टम कमिश्नर दीपक कुमार गुप्ता ने अफीम मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पूछताछ जारी है और आरोपितों के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत ही कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें