शिवसेना के साथ सत्ता की गाड़ी में सवार होने से पहले कांग्रेस उसके कट्टर हिन्दुत्व से किनारे करने का ठोस भरोसा चाहती है। विचारधारा पर शिवसेना से इस दूरी को पाटने के लिए ही कांग्रेस-एनसीपी साझा न्यूनतम कार्यक्रम में इसकी प्रतिबद्धता के लिए उद्धव ठाकरे पर दबाव डाल रहे हैं।
कांग्रेस-एनसीपी की शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाने पर बनी सैद्धांतिक सहमति के बाद भी हिन्दुत्व और सत्ता के बंटवारे के स्वरूप पर अभी रस्साकशी जारी है। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि सोनिया गांधी और शरद पवार की अगले हफ्ते होने वाली प्रस्तावित बैठक के बाद ही महाराष्ट्र में सरकार बनाने की अंतिम तस्वीर साफ होगी।
महाराष्ट्र में एनसीपी और शिवसेना के साथ सरकार गठन की राजनीतिक चर्चाओं में शामिल कांग्रेस के उच्चपदस्थ सूत्रों ने कहा कि सोनिया और पवार की सोमवार को इस मुद्दे पर मुलाकात की संभावना है। सत्ता के स्वरूप को लेकर कांग्रेस-एनसीपी की समन्वय समिति की शिवसेना नेतृत्व से चल रही बातचीत तब तक पूरी हो जाएगी। इस लिहाज से सोनिया और पवार की यह बैठक अहम होगी क्योंकि सरकार गठन की अंतिम पेंच इन दोनों नेताओं की चर्चा के बाद ही खुलेगी। मुख्यमंत्री पद, सरकार में हिस्सेदारी के स्वरूप सभी मसलों पर कांग्रेस-एनसीपी का एकमत रुख दोनों तय करेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें